उत्तराखंड:कुमाऊं में यहां कार पर नीली बत्ती, ‘भारत सरकार’ का बोर्ड और हाथ में एयरगन…पुलिस ने खोला पूरा फर्जीवाड़ा

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है…जो कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगाकर घूम रहा था। पुलिस के अनुसार युवक ने खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का अधिकारी बताया और फर्जी आईडी कार्ड व दस्तावेज भी दिखाए। तलाशी के दौरान कार से पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन भी बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई 12 सितंबर 2026 को हल्द्वानी थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान हुई। तिकोनिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान काठगोदाम की तरफ से एक हुंडई कार नंबर UP25CS 9327 आती दिखाई दी। कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा था।
पुलिस टीम ने कार को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम मो. मोहासिब खान पुत्र मो. अयूब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया। उसने खुद को IB अधिकारी बताते हुए एक आईडी कार्ड भी पुलिस को दिखाया।
पुलिस ने जब उससे पद और नियुक्ति से जुड़ी जानकारी मांगी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। आईडी कार्ड और दस्तावेजों पर संदेह होने के बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली।

कार से फर्जी आईडी और एयरगन बरामद
तलाशी के दौरान डैशबोर्ड से फर्जी IB आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी कागजात, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एयरगन रौब दिखाने के लिए अपने पास रखता था। उसने अपने पास मौजूद IB आईडी कार्ड और संबंधित दस्तावेजों को भी फर्जी बताया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक कथित तौर पर खुद को IB अधिकारी या जवान बताकर फर्जी पहचान और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रहा था।

आरोपी गिरफ्तार, कार सीज
मामले में थाना हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 315/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।

पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव, कांस्टेबल मो. अजहर और कांस्टेबल सुनील टम्टा शामिल रहे।

नैनीताल पुलिस ने कहा है कि जिले में बाहरी और संदिग्ध लोगों के साथ-साथ वाहनों की चेकिंग लगातार जारी रहेगी। पुलिस के मुताबिक फर्जी पहचान बनाने, सरकारी पद का गलत इस्तेमाल करने या सरकारी अधिकारी बनकर रौब दिखाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad