उत्तराखंड:मुख्यमंत्री धामी ने विकास कार्यों के लिए 496 करोड़ रुपए मंजूर किए
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए 496 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति को मंजूरी दी है। इसमें शिक्षा विभाग, कुंभ मेला-2027 सड़क निर्माण, हेलीपैड और अन्य विकास कार्य शामिल हैं।
शिक्षा विभाग के तहत समग्र शिक्षा योजना में माध्यमिक और प्रारंभिक विद्यालयों तथा शिक्षक शिक्षा से जुड़े वेतन-भत्तों के लिए 445.92 करोड़ रुपये की अवशेष धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है।
हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए कांगड़ा घाट के विस्तार पर 8.43 करोड़ रुपये और मेले के लिए किराये पर फर्नीचर व सजावटी कपड़ों की व्यवस्था पर 14.57 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा पौड़ी जिले के रिखणीखाल में हेलीपैड निर्माण, चंपावत के मूलाकोट में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने, टिहरी में जखेड़ से सुमाड़ी कपरोली तक सड़क बनाने और पिथौरागढ़ में सड़कों के सुधारीकरण व डामरीकरण के कार्यों को मंजूरी दी गई है।
नैनीताल जिले के कसियालेख-हरिनगर-अक्सोड़ा मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए 3.82 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं ऊधम सिंह नगर के खटीमा में छह किलोमीटर हॉटमिक्स सड़क बनाने के लिए 3.84 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।देहरादून के मसूरी क्षेत्र में नलकूप, पंप हाउस और संबंधित कार्यों के लिए 3.07 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। नैनीताल के डौन परेवा में हेलीपैड निर्माण और टिहरी के प्रतापनगर में हुणेश्वर महादेव मंदिर के पास धर्मशाला, कक्षों और शौचालयों के निर्माण व सौंदर्यीकरण को भी स्वीकृति मिली है।

