उत्तराखंड में अगले चार दिन मौसम बदलेगा रंग, कई जिलों में येलो अलर्ट; बारिश के साथ बर्फबारी
उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मानसून की विदाई के बाद ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ था…लेकिन अब पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 6 से 11 अक्टूबर तक प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक कुमाऊं और गढ़वाल के पहाड़ी इलाकों में इस दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। वहीं प्रदेश के अधिकांश मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है।
6 और 7 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है। वहीं चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
मौसम का असर ऊंचाई वाले इलाकों में भी देखने को मिलेगा। 6 से 8 अक्टूबर के बीच 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। इसके बाद 9 से 11 अक्टूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फ गिर सकती है।
मौसम में बदलाव के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। तेज हवा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक अगले कुछ दिनों में पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा।
फिलहाल मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी का असर बना रह सकता है….जबकि पहाड़ों में बारिश और बादलों के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। ऐसे में अक्टूबर के दूसरे सप्ताह की शुरुआत उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में बदलते मौसम के साथ होने वाली है।


