उत्तराखंड में कनिष्ठ सहायक और सहायक लेखाकार की परीक्षाएं स्थगित
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड-1, वैयक्तिक सहायक और सहायक लेखाकार सहित विभिन्न पदों की लिखित परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। आयोग ने 18 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में विज्ञप्ति जारी कर अभ्यर्थियों को इसकी जानकारी दी।
आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, विज्ञापन संख्या 78/उ0अ0से0च0आ0/2026 के तहत कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड-1 और वैयक्तिक सहायक (सिविल न्यायालय एवं कुटुंब न्यायालय) के पदों के लिए लिखित परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित थी। वहीं, विज्ञापन संख्या 79/उ0अ0से0च0आ0/2026 के तहत विभिन्न विभागों में सहायक लेखाकार और अन्य पदों की लिखित परीक्षा 1 नवंबर 2026 को आयोजित होनी थी।
आयोग ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए दोनों परीक्षाओं को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन पदों की परीक्षाओं की नई तिथियां अलग से घोषित की जाएंगी।
आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखने की अपील
आयोग ने अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे परीक्षा की नई तिथियों और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का समय-समय पर अवलोकन करते रहें। परीक्षा स्थगित होने से संबंधित अभ्यर्थियों को अब नई तिथियों की घोषणा का इंतजार करना होगा।


