उत्तराखंड: 2 माह पूर्व हुई थी शादी, आज हो गई संदिग्ध मौत

Ad
ख़बर शेयर करें

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। जिले के रुद्रपुर स्थित रम्पुरा क्षेत्र में 24 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। विवाहिता का शव घर में दुपट्टे के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया। वहीं, मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए बेटी की हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, सुमन का विवाह करीब दो माह पहले राकेश कोली के साथ हुआ था। शुक्रवार रात सुमन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह मायके पक्ष को घटना की जानकारी मिली तो परिवार में कोहराम मच गया।
परिजन रुद्रपुर पहुंचे और मामले में न्याय की मांग की।
मृतका के पिता मदन लाल का आरोप है कि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह ससुराल पक्ष की कथित दहेज संबंधी मांगों को पूरा नहीं कर पा रहे थे। इसी वजह से उनकी बेटी को परेशान किया जाता था। पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, दहेज प्रताड़ना और हत्या से संबंधित आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। वहीं, तहसीलदार दिनेश कुटोला ने मोर्चरी पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की।

सीओ विभव सैनी के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad