कुंभ 2027 से पहले उत्तराखंड को बड़ी सौगात, केंद्र ने आवंटित किया 8,029 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार: कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के बीच उत्तराखंड के लिए केंद्र सरकार ने अतिरिक्त खाद्यान्न का आवंटन किया है। भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की ओर से जारी पत्र के मुताबिक राज्य को अतिरिक्त गेहूं और चावल दिया गया है।

केंद्र के आवंटन के अनुसार उत्तराखंड को 3,051.079 मीट्रिक टन अतिरिक्त गेहूं और 4,978.073 मीट्रिक टन अतिरिक्त चावल मिलेगा। दोनों को मिलाकर राज्य को कुल 8,029.152 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया गया है।

कुंभ मेले के लिए क्यों मिला अतिरिक्त खाद्यान्न?
कुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए खाद्यान्न की अतिरिक्त जरूरत पड़ती है। भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत ऐसे आयोजनों के लिए संबंधित राज्य को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलने वाले वार्षिक खाद्यान्न आवंटन का अधिकतम दो प्रतिशत तक अतिरिक्त खाद्यान्न दिया जा सकता है।

इसी व्यवस्था के तहत उत्तराखंड सरकार ने केंद्र से कुंभ मेला 2027 को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त गेहूं और चावल आवंटित करने का अनुरोध किया था।

केंद्र के फैसले पर CM धामी ने जताया आभार
केंद्र सरकार से अतिरिक्त खाद्यान्न मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार जताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला 2027 को व्यवस्थित और भव्य तरीके से आयोजित करने के लिए राज्य सरकार आवश्यक तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से अपनी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
कुंभ मेले के दौरान खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना भी व्यवस्थाओं का अहम हिस्सा है। केंद्र से मिले अतिरिक्त आवंटन से मेले के दौरान खाद्यान्न व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad