घोड़ाखाल गोलू देवता मंदिर को मानसखंड मिशन में शामिल करने की मांग, सांसद अजय भट्ट ने CM धामी को लिखा पत्र

Ad
ख़बर शेयर करें

नैनीताल जिले के घोड़ाखाल स्थित प्रसिद्ध गोलू देवता मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल करने की मांग उठी है। नैनीताल-ऊधम सिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर मंदिर को इस मिशन में शामिल करने के लिए जरूरी कदम उठाने का अनुरोध किया है। उन्होंने मंदिर क्षेत्र में पार्किंग, यातायात और श्रद्धालुओं के लिए दूसरी बुनियादी सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया है।

सांसद अजय भट्ट ने पत्र में कहा है कि घोड़ाखाल का गोलू देवता मंदिर उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। न्याय के देवता के रूप में पूजे जाने वाले गोलू देवता के दर्शन के लिए उत्तराखंड के साथ दूसरे राज्यों और विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं।
अजय भट्ट का कहना है कि गोलू देवता मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल करने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है। इससे कैंची धाम, जागेश्वर धाम और दूसरे प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ पर्यटन गतिविधियों को जोड़ने में भी मदद मिलेगी।
सांसद ने पत्र में मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या का जिक्र करते हुए कहा कि इसके अनुरूप बुनियादी सुविधाओं का विकास जरूरी है। खास अवसरों और पर्यटन सीजन में पार्किंग की कमी और यातायात संबंधी दिक्कतों के कारण स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं को भी परेशानी होती है।

उन्होंने मंदिर और आसपास के क्षेत्र में पार्किंग, सड़क, यातायात प्रबंधन, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य सुविधाएं विकसित करने का सुझाव दिया है।
अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि गोलू देवता मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं। उनका कहना है कि इससे मंदिर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विकास को भी बढ़ावा मिल सकता है। सांसद ने बताया कि इस संबंध में पहले भी पत्र भेजकर कार्रवाई का अनुरोध किया गया था।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad