जिला अस्पताल बागेश्वर में आत्महत्या रोकथाम हेतु ली गई प्रतिज्ञा, मानसिक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति किया जागरूक

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर, 10 सितंबर 2026। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल बागेश्वर में आत्महत्या रोकथाम हेतु प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों ने आत्महत्या की रोकथाम में अपनी भूमिका निभाने तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने, तनाव एवं मानसिक परेशानी से जूझ रहे लोगों की बात ध्यानपूर्वक सुनने तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें उचित सहायता एवं परामर्श उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित कार्मिकों ने संकल्प लिया कि वे किसी भी व्यक्ति की मानसिक परेशानी को नजरअंदाज नहीं करेंगे और जरूरतमंद व्यक्ति का सहयोग करेंगे।

इस अवसर पर बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं किसी भी व्यक्ति को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे में परिवार एवं समाज का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। व्यक्ति की बात बिना किसी पूर्वाग्रह के सुनना, उसकी भावनाओं को समझना और समय पर सहायता उपलब्ध कराना आत्महत्या की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस की इस वर्ष की थीम “आत्महत्या पर बात और बातचीत का नजरिया बदलना” है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के विषय में खुलकर बातचीत करने और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को लेकर व्याप्त झिझक एवं सामाजिक कलंक को दूर करने का संदेश दिया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुमार आदित्य तिवारी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल शारीरिक स्वास्थ्य जितनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आत्महत्या की रोकथाम के लिए जरूरतमंद व्यक्ति की बात सुनना, उसे भावनात्मक सहयोग देना और समय पर विशेषज्ञ सहायता उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की कि वे अपने कार्यक्षेत्र में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करें।

इस दौरान उपस्थित लोगों को टेली मानस हेल्पलाइन 14416 की जानकारी भी दी गई तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर विशेषज्ञ सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं जिला अस्पताल के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad