धामी सरकार ने आपदा प्रभावित परिवारों से लेकर विकास कार्यों तक, लाखों रुपये किए मंजूर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास कार्यों और आपदा प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए वित्तीय स्वीकृतियां दी हैं। इनमें देहरादून में मंदिर के जीर्णोद्धार, पिथौरागढ़ में पुलिया निर्माण और उत्तरकाशी में अतिवृष्टि व भूस्खलन से प्रभावित परिवारों के लिए किराये के मकान की व्यवस्था शामिल है।
देहरादून जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के सेवलाकलां स्थित संसारी माता मंदिर के जीर्णोद्धार का बचा हुआ काम पूरा करने के लिए 49.95 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के गराली में पुलिया निर्माण के लिए 58.14 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस कार्य के लिए पहली किश्त के रूप में 34.88 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी भी दी गई है।
उत्तरकाशी जिले की नगर पंचायत नौगांव के वार्ड नंबर 7 सौली में अतिवृष्टि और भूस्खलन से पांच परिवार प्रभावित हुए हैं। इन परिवारों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें दूसरे स्थान पर किराये के मकान में रखने के लिए 1.20 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
प्रभावित परिवारों को छह महीने तक हर महीने 4000 रुपये किराया दिया जाएगा। इससे परिवारों को सुरक्षित स्थान पर रहने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री की ओर से दी गई इन स्वीकृतियों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के साथ ही आपदा प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और अस्थायी आवास की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया गया है।


