बागेश्वर:आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत पुलिस ने स्थानीय व्यापारियों के साथ की विशेष गोष्ठी; आतिशबाजी व सुरक्षा मानकों पर हुआ गहन विचार-विमर्श, नियमों के पालन हेतु चलाया जागरूकता अभियान

ख़बर शेयर करें

आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत पुलिस ने स्थानीय व्यापारियों के साथ की विशेष गोष्ठी; आतिशबाजी व सुरक्षा मानकों पर हुआ गहन विचार-विमर्श, नियमों के पालन हेतु चलाया जागरूकता अभियान

आगामी पावन दीपावली त्योहार को पूरे जनपद में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और सजग है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के कुशल आदेश-निर्देशों के अनुपालन में, आज दिनॉक-18/10/2026 को कोतवाली बागेश्वर एवं कोतवाली बैजनाथ द्वारा अपने-अपने कोतवाली परिसर/कस्बा क्षेत्र में स्थानीय व्यापार मण्डल/वरिष्ठ नागरिकों के पदाधिकारियों, दुकानदारों और पटाखा व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी (बैठक) का आयोजन किया गया।


गोष्ठी के दौरान त्योहार के समय बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आतिशबाजी बिक्री के संबंध में गहन विचार-विमर्श किया गया
बैठक में पुलिस अधिकारियों द्वारा पटाखा व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि दीपावली के दौरान आतिशबाजी की दुकानें केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित खुले मैदान/स्थानों पर ही लगाई जाएंगी। भीड़भाड़ वाले मुख्य बाजारों या तंग गलियों में पटाखों का भंडारण या बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। सभी पटाखा विक्रेताओं को अपनी दुकानों पर अनिवार्य रूप से अग्निशमन उपकरण (जैसे- फायर एक्सटिंग्विशर, पानी की बाल्टी और रेत/मिट्टी) रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आकस्मिक आगजनी से तुरंत निपटा जा सके।
त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए व्यापार मण्डल से अपील की गई कि वे दुकानों के बाहर सड़कों पर अतिक्रमण न करें। व्यापारियों से कहा गया कि वे ग्राहकों के वाहनों को नियत पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करवाएं ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात सुचारू रूप से चलता रहे और एम्बुलेंस व फायर टेंडर जैसे आपातकालीन वाहनों के आवागमन में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के उद्देश्य से पुलिस टीम ने सभी होटल, ढाबा, लॉज स्वामियों और व्यापारियों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी (CCTV) कैमरे अनिवार्य रूप से चालू रखने के निर्देश दिए। बाजार में किसी भी लावारिस वस्तु या वेश बदलकर घूम रहे संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई। साथ ही, बाहरी मजदूरों व दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने की हिदायत दी गई।
गोष्ठी के उपरांत बैजनाथ पुलिस द्वारा बाजार क्षेत्र में एक विशेष जन-जागरूकता अभियान भी संचालित किया गया। इसके तहत दुकानदारों और ग्राहकों को डिजिटल अवेयरनेस के तहत साइबर ठगी से बचने, अनजान लिंक्स पर क्लिक न करने तथा किसी भी ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा हेतु ‘गौरा शक्ति ऐप’, महिला हेल्पलाइन 1090 तथा किसी भी आकस्मिक संकट या आपदा के समय त्वरित पुलिस सहायता हेतु राष्ट्रीय आपातकालीन नंबर डायल 112 की उपयोगिता के बारे में विस्तार से समझाया गया।
स्थानीय व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों और व्यापारियों द्वारा बैजनाथ पुलिस की इस समन्वय पहल की सराहना करते हुए त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया गया ।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad Ad Ad
Ad
Ad
Ad