बागेश्वर:भाजपा सेवा संकल्प अभियान की जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न
बागेश्वर। भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय बागेश्वर में जिला अध्यक्ष प्रभा गढ़िया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्यशाला में जिला प्रभारी एवं पिथौरागढ़ के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र बलदिया तथा सह प्रभारी एवं देवाल, चमोली के ब्लॉक प्रमुख राकेश जोशी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला अध्यक्ष प्रभा गढ़िया के स्वागत संबोधन से हुआ। इसके बाद जिला प्रभारी वीरेंद्र बलदिया एवं सह प्रभारी राकेश जोशी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
कार्यशाला में बताया गया कि 16 सितंबर को मुख्यमंत्री के जन्मदिन तथा 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले कार्यक्रमों को 17 अक्टूबर तक एक माह के सेवा सप्ताह/सेवा अभियान के रूप में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पार्टी की ओर से प्रत्येक मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक विभिन्न सेवा एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी मंडलों और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
कार्यशाला में पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्य, बागेश्वर विधायक पार्वती दास, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा, भावना शाही, दीपा देवी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम सिंह शाही, भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक गोविंद सिंह जानू सहित जिला भाजपा की पूरी टीम, सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यशाला में पदाधिकारियों ने अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को सेवा गतिविधियों से जोड़ने का संकल्प लिया।


