बागेश्वर:विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण को लेकर जिलाधिकारी ने दिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
बागेश्वर,
📌 विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण को लेकर जिलाधिकारी ने दिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने बुधवार को विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए जनपद में विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों की आवश्यकताओं का स्थलीय आकलन करते हुए आवश्यक सुधार कार्यों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का निरीक्षण कर भवन, शौचालय एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने नए भवन निर्माण के साथ ही मेजर एवं माइनर रिपेयर से संबंधित आवश्यक कार्यों को चिन्हित कर उनकी सूची उपलब्ध कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने बागेश्वर एवं कपकोट विकासखंड में पांच-पांच उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को चिन्हित कर उनमें आवश्यक सुधार एवं विकास कार्यों की सूची प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि चयनित विद्यालयों को आकर्षक, सुविधायुक्त एवं विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने वाले विद्यालयों के रूप में विकसित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग के साथ-साथ आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं अनुकूल शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी आशा राम सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


