बागेश्वर:सौर ऊर्जा से स्वरोजगार की नई राह, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा पहाड़ का युवा
बागेश्वर,
📌 सौर ऊर्जा से स्वरोजगार की नई राह, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा पहाड़ का युवा
📌 मुख्यमंत्री के आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को धरातल पर उतार रहे बागेश्वर के युवा
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव ग्रामीण क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना पहाड़ के युवाओं के लिए स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की नई राह खोल रही है।
जनपद बागेश्वर के विकासखंड बागेश्वर के ग्राम ओखलसो निवासी भुवन सिंह ने मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत 200 किलोवाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करने की पहल की है। परियोजना की अनुमानित लागत 100 लाख रुपये है। योजना के अंतर्गत परियोजना लागत पर 50 प्रतिशत सब्सिडी उद्योग विभाग द्वारा प्रदान की जाती है, जिसकी प्रक्रिया वर्तमान में गतिमान है।
भुवन सिंह की यह पहल पारंपरिक रोजगार के साथ-साथ स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में स्वरोजगार की संभावनाओं को अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सौर ऊर्जा परियोजना के माध्यम से स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए गांव में ही आर्थिक गतिविधि को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना का उद्देश्य राज्य में सौर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ ही युवाओं एवं उद्यमियों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। भुवन सिंह की पहल इस बात का उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर पहाड़ के युवा अपने गांव में ही बड़े स्तर की स्वरोजगार परियोजनाएं स्थापित कर सकते हैं।
यह पहल स्वच्छ ऊर्जा, स्थानीय संसाधनों के उपयोग और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में बढ़ते कदम को दर्शाती है।


