32 दिन से लापता रेशमा का अब तक नहीं मिला सुराग, सड़क पर उतरे परिजन
टिहरी। प्रतापनगर क्षेत्र के जांगी गांव से लापता हुई रेशमा बिष्ट को 32 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस तलाश नहीं कर पाई है। रेशमा के अचानक गायब होने के बाद से परिवार लगातार उसकी खोज में जुटा है। पुलिस की ओर से भी जंगल से लेकर नदी और झील तक अलग-अलग स्थानों पर तलाश की जा चुकी है…लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग सामने नहीं आया है।
जानकारी के अनुसार जांगी गांव निवासी रेशमा बिष्ट 6 अगस्त को अचानक लापता हो गई थीं। परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश की…लेकिन जब काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला तो 7 अगस्त को लंबगांव थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अलग-अलग टीमों के साथ रेशमा की तलाश शुरू की। पुलिस ने संभावित स्थानों पर खोजबीन के साथ ड्रोन की मदद भी ली।
रेशमा की तलाश के लिए पुलिस टीमों ने जंगलों के अलावा टिहरी झील और जाखणी नदी क्षेत्र में भी सर्च अभियान चलाया। संभावित स्थानों की जांच और ड्रोन से निगरानी के बावजूद अब तक रेशमा के बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है।
एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी रेशमा का पता नहीं चलने पर परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। इसी के चलते लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से रेशमा की तलाश तेज करने और उसे जल्द खोजने की मांग की।प्रदर्शन और सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक गहमा-गहमी और नोकझोंक की स्थिति बनी रही। पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि रेशमा की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
बताया गया है कि रेशमा की शादी करीब चार साल पहले नवीन बिष्ट से हुई थी। उनका करीब चार साल का एक बेटा भी है। रेशमा के पति नवीन विदेश में नौकरी करते हैं। परिजनों के अनुसार नवीन करीब 28 महीने बाद छुट्टी पर घर लौटे थे और उनके घर आने के लगभग चार दिन बाद 6 अगस्त को रेशमा लापता हो गईं।
मामले में रेशमा के मायके पक्ष की ओर से उसकी ससुराल वालों पर कुछ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और तलाश अभियान जारी है।परिजनों की मांग है कि रेशमा को जल्द से जल्द खोजा जाए और तलाश अभियान को और व्यापक किया जाए। फिलहाल 32 दिन बाद भी रेशमा का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ रही है।


