बागेश्वर वन विभाग की टीम का एक्शन जंगल में आग लगाते रंगे हाथ पकड़ा गया युवक, लगा जुर्माना

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

बागेश्वर में जंगलों को वनाग्नि से बचाने और वन संपदा की सुरक्षा के लिए बागेश्वर वन प्रभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। वन विभाग की संयुक्त टीम ने जंगल में आग लगाते हुए एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए अर्थदंड वसूला गया है।प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न ने बताया कि वनाग्नि की रोकथाम के लिए प्रत्येक रेंज में विशेष टीमों द्वारा लगातार गश्त की जा रही है। इसी के तहत कल बुधवार सायंकाल करीब 6:30 बजे वन क्षेत्राधिकारी बागेश्वर श्याम सिंह करायत और वन क्षेत्राधिकारी विक्रम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में ग्राम मालता तोक बग्जीबल्ला क्षेत्र में संयुक्त गश्ती अभियान चलाया गया। गश्त के दौरान वन कर्मियों ने एक व्यक्ति को जंगल में आग लगाते हुए देखा। टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान पुष्कर सिंह पुत्र स्वर्गीय मोहन सिंह निवासी ग्राम मालेता तोक बग्जीबल्ला के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली, जिसके बाद वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया।
डीएफओ आदित्य रत्न ने कहा कि जंगलों में आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि वन विभाग लगातार गश्त और तकनीकी निगरानी के माध्यम से वनाग्नि पर नियंत्रण के प्रयास कर रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि जंगलों में आग न लगाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वनाग्नि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Ad
Ad Ad