उत्तराखंड: अजीत डोभाल पर टिप्पणी से भड़के अजय भट्ट, राहुल गांधी को लेकर कह दी बड़ी बात
हल्द्वानी। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की कथित अमर्यादित टिप्पणियों पर भाजपा सांसद अजय भट्ट ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल ने अपना जीवन देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए समर्पित किया है। ऐसे व्यक्तित्व के प्रति की गई टिप्पणी उत्तराखंड के गौरव और स्वाभिमान से भी जुड़ा मामला है।
पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित भाजपा संभाग कार्यालय में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े लोगों के सम्मान की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।
अजय भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड ने देश को अजीत डोभाल और दिवंगत जनरल बिपिन रावत जैसे वीर सपूत दिए हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के लिए कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता की ओर से की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का भी जिक्र किया। भट्ट ने कहक़ इस तरह की बयानबाजी प्रदेश के लोगों की भावनाओं को आहत करती है।भाजपा सांसद ने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में सेना के शौर्य और सुरक्षा तंत्र पर अनावश्यक संदेह पैदा करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के दौरान राजनीतिक दलों को राष्ट्रहित और सुरक्षा बलों के मनोबल को प्राथमिकता देनी चाहिए।अजय भट्ट ने उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और अन्य जिम्मेदार नेताओं से राहुल गांधी की टिप्पणियों पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रदेश कांग्रेस ऐसी भाषा का समर्थन करती है। भट्ट ने कांग्रेस नेतृत्व से उत्तराखंड के वीर सपूतों के प्रति अपने रवैये पर आत्ममंथन करने को भी कहा।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है और उत्तराखंड की जनता अपने वीर सपूतों की राष्ट्रसेवा पर गर्व करती है।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश सह-मीडिया संयोजक भुवन जोशी, जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा और जिला सह-मीडिया प्रभारी मनीष पाल मौजूद रहे।


