आयुर्वेद विभाग बागेश्वर द्वारा विभिन्न संवर्गों के कार्मिकों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
आयुर्वेद विभाग बागेश्वर द्वारा विभिन्न संवर्गों के कार्मिकों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
आज दिनांक 01 जून 2026 को होटल नरेंद्रा पैलेस, बागेश्वर में आयुर्वेद विभाग बागेश्वर द्वारा जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी बागेश्वर डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली के निर्देशन में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आयुष्मान आरोग्य मंदिर क्षेत्रान्तर्गत कार्यरत कार्मिकों को उनके दायित्वों एवं नवीनतम कार्यप्रणालियों के संबंध में अद्यतन जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। प्रशिक्षण में आशा कार्यकत्रियों को जनसमुदाय में गैर-संचारी रोगों (NCD) के चिन्हीकरण, आयुर्वेद चिकित्सा एवं परिचर्या के प्रचार-प्रसार, योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा विभाग द्वारा निर्धारित 10 प्रमुख इंडिकेटर्स पर प्रभावी कार्य करने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त वार्ड बॉय को प्राथमिक चिकित्सा, रोगी देखभाल एवं बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। वहीं फार्मेसी अधिकारियों को अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, रिपोर्टिंग एवं दस्तावेजीकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन एवं विषय विशेषज्ञ के रूप में डॉ. एजल पटेल, डॉ. संजय आगरी एवं डॉ. पूजा वर्मा द्वारा प्रतिभागियों को विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. एजल पटेल द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली ने कहा कि विभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ताकि क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत कार्मिकों को नवीनतम दिशा-निर्देशों एवं कार्यप्रणालियों की जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से कार्मिकों की कार्यक्षमता, सेवा गुणवत्ता एवं जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण सुधार होगा, जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभागियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण समर्पण एवं दक्षता के साथ करने हेतु प्रेरित किया।





