बागेश्वर:हरेला पर्व आयोजन हेतु आयुर्वेद विभाग ने बांटे औषधीय पौधे, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बागेश्वर। लोकपर्व हरेला के अवसर हेतु औषधीय गुणों से युक्त पौधों को रोपित करने के लिए आयुर्वेद विभाग ने जनपद में पर्यावरण संरक्षण एवं जनस्वास्थ्य को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए 1712 औषधीय गुणों से युक्त पौधों का वितरण किया। निदेशक, आयुर्वेद एवं यूनानी सेवाएं, उत्तराखंड, देहरादून के निर्देशानुसार जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी, बागेश्वर डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली द्वारा जनपद के समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (आयुष) के लिए औषधीय पौधे उपलब्ध कराए गए।
जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय, बागेश्वर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के प्रभारियों को पौधे वितरित करते हुए निर्देशित किया गया कि हरेला पर्व के अवसर पर अपने-अपने क्षेत्रों में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा आमजन को औषधीय पौधों के महत्व एवं उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी जाए।
जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। आयुर्वेद और प्रकृति का संबंध अविभाज्य है। औषधीय पौधों का रोपण न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि यह स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी नागरिकों से हरेला पर्व पर एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों तक औषधीय पौधों के गुणों एवं उनके उपयोग की जानकारी पहुंचाई जाएगी, जिससे लोगों को आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके। विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य के इस अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
हरेला पर्व के अवसर पर आयुर्वेद विभाग का यह अभियान जनपद में हरियाली, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




