बागेश्वर:आयुष्मान आरोग्य मंदिर पिंगलू उत्कर्ष केंद्र के रूप में हुआ उच्चीकृत, विश्व पर्यावरण दिवस पर हुआ शुभारंभ

बागेश्वर,
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर पिंगलू को उच्चीकृत स्वरूप में उत्कर्ष केंद्र के रूप में विकसित कर उसका विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि माननीय ब्लॉक प्रमुख गरुड़ श्री किशन सिंह बोरा द्वारा भगवान धन्वंतरि के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी बागेश्वर डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली ने मुख्य अतिथि का पौधा भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं विशिष्ट अतिथियों को भी पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
उच्चीकृत उत्कर्ष केंद्र पिंगलू में अब क्षेत्रीय जनता को आयुर्वेद की विभिन्न विशिष्ट चिकित्सा सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। केंद्र में मुख्य रूप से बाल रोग चिकित्सा, पंचकर्म चिकित्सा, मर्म चिकित्सा, क्षारसूत्र चिकित्सा, जलौकावचारण, श्रृंगी चिकित्सा तथा अग्निकर्म जैसी विशेष उपचार सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ आयुष स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही प्राप्त हो सकेगा।
अपने संबोधन में माननीय ब्लॉक प्रमुख श्री किशन सिंह बोरा ने चिकित्सालय के उत्कर्ष केंद्र के रूप में विकसित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन एवं वैज्ञानिक चिकित्सा पद्धति है, जिसका लाभ अधिकाधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों से चिकित्सालय में उपलब्ध विशेष सेवाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का आधार भी है। उन्होंने सभी नागरिकों से चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने, नियमित रूप से आयोजित योग शिविरों में सहभागिता करने तथा आयुर्वेदिक दिनचर्या एवं ऋतुचर्या को अपनाकर निरोग जीवन जीने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शारदा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती सोनिया देवी, ग्राम प्रधान पिंगलू श्री दान सिंह फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री गोपाल सिंह किरमोलिया, श्री दिनेश बिष्ट (मंडल अध्यक्ष), श्री जे.सी. आर्य (कुमाऊँ संयोजक, अनुसूचित जाति मोर्चा), ग्राम प्रधान सिमखेत श्रीमती दीपा देवी, श्री विनोद देवराड़ी, श्री प्रकाश चंद्र सनवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में चिकित्सालय परिसर में सामूहिक वृक्षारोपण किया गया। उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण तथा आयुर्वेद एवं योग आधारित स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. एजल पटेल द्वारा किया गया।



