बागेश्वर:दिव्यांग कर्मचारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगजनों को किया गया सम्मानित
बागेश्वर,
अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर चयनित दक्ष दिव्यांग कर्मचारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगजनों को बुधवार को विकास भवन सभागार में सम्मानित किया गया। समारोह का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ना एवं उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार हेतु चयनित दिव्यांग आशा कार्यकर्ता हंसी देवी को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त जनपद में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले दिव्यांगजनों गुड़िया दोसाद, प्रधान छानी सेरा, लक्ष्मी दत्त पांडे पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष गरुड़, मञ्जू देवी क्षेत्र पंचायत सदस्य, सिमगढ़ी, अंशुमन सिंह लटवाल कला क्षेत्र, नन्दन सिंह सामाजिक कार्यकर्ता, हरीश चन्द्र सिंह रावत व्यवसायी, मोहनी कोरंगा एवं नेहा पांडे को कक्षा 10 की परीक्षा में 75% अंक लाने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
दिव्यांगजनों के कल्याणार्थ उल्लेखनीय कार्यों के लिए जिला चिकित्सालय की नेत्र चिकित्सक डॉ. कल्पना पांडे, दिव्यांग छात्रा नेहा पांडे की सहयोगी सरिता चौबे, जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र बागेश्वर तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी बागेश्वर को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक बागेश्वर पार्वती दास, अध्यक्ष नगर पालिका बागेश्वर सुरेश खेतवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, इन्द्र सिंह फर्स्वाण चेयरमैन रेड क्रॉस सोसाइटी, लक्ष्मण गौतम सदस्य, उत्तराखण्ड दिव्यांग सलाहकार बोर्ड, जिला समाज कल्याण अधिकारी जसप्रीत कौर, जिला सेवायोजन अधिकारी पी सी गोस्वामी, राजीव जोशी तथा समाज कल्याण विभाग के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।

