बागेश्वर: लगातार बारिश के चलते सरयू नदी उफान में, जिला प्रशासन अलर्ट मोड में

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच बागेश्वर जिले में शुक्रवार सुबह से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है और जिले में आठ ग्रामीण मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। वहीं, कपकोट क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है।जिला मुख्यालय में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने पर एसडीएम प्रियंका रानी ने नदी किनारे के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सुरक्षा को देखते हुए नदी किनारे पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात की गई हैं। तेज बहाव के चलते सरयू नदी में श्रद्धालुओं के स्नान पर भी रोक लगा दी गई है।

कपकोट के ऊपरी क्षेत्रों में रातभर हुई बारिश से सरयू उफान पर आ गई। भैंसखाल के पास नदी का पानी पुल के ऊपर तक पहुंचने से आवाजाही रोक दी गई। कपकोट एसडीएम अनिल चन्याल के निर्देश पर नगर क्षेत्र में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया। सरयू बगड़ और नदी किनारे के संवेदनशील इलाकों को एहतियातन खाली कराया गया है। बागेश्वर में भी प्रसिद्ध सरयू घाट को पूरी तरह खाली करा दिया गया है।बारिश और भूस्खलन से टूटरिया टनल के पास मुख्य मार्ग बाधित हुआ है। वहीं, मिकिला-खालपट्टा मोटर मार्ग पर लाहुर के माडूंगरी तोक में चट्टान गिरने से यातायात बंद है। लोक निर्माण विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें सड़कें खोलने में जुटी हैं।

प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad
Ad Ad