बागेश्वर:राजस्व संवर्द्धन के साथ लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
बागेश्वर,
📌 राजस्व संवर्द्धन के साथ लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजस्व प्राप्ति एवं राजस्व संवर्द्धन, दैवीय आपदा, विस्थापन तथा विभिन्न न्यायालयों में लंबित प्रकरणों सहित विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व बढ़ाने तथा प्रवर्तन कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित प्रवर्तन अभियान चलाने और दुर्घटना से जुड़े मामलों में वैज्ञानिक अन्वेषण की रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने को कहा।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने तथा राशन कार्ड सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग को नियमित रूप से खाद्य पदार्थों के नमूने लेने तथा एसडीएम को विभागीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
श्रम विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें लाभान्वित करने को कहा। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को श्रम कार्ड सहित अन्य कार्यों के लिए जिला मुख्यालय न आना पड़े। इसके लिए अपर जिलाधिकारी को शीघ्र पत्राचार कर सीएससी केंद्रों पर श्रम विभाग की लॉगिन आईडी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रमिकों से संबंधित कार्य स्थानीय स्तर पर ही हो सकें। साथ ही मनरेगा श्रमिकों का पंजीकरण कर उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
आबकारी विभाग को ओवररेटिंग सहित अन्य मामलों की नियमित जांच करने तथा अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट के लिए भूमि चयन की कार्रवाई शीघ्र पूरी करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने तहसीलों से जारी होने वाले प्रमाण पत्र निर्धारित समयावधि में जारी करने तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित पुराने वादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा एवं विस्थापन से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, एसडीएम अनिल चन्याल, प्रियंका रानी, वैभव कांडपाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


