बागेश्वर:जिलाधिकारी ने सीमांत कमस्यार क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़क एवं स्कबर कार्यों का किया निरीक्षण, कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
बागेश्वर
📌 जिलाधिकारी ने सीमांत कमस्यार क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़क एवं स्कबर कार्यों का किया निरीक्षण, कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
गुरुवार को जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने तहसील काँडा के सीमांत कमस्यार क्षेत्र का निरीक्षण कर वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़क एवं स्कबर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खातीगाँव–देवतोली मोटर मार्ग के किलोमीटर 02 पर क्षतिग्रस्त कल्मट तथा बासफटान–रावतसेरा मोटर मार्ग के किलोमीटर 05 पर क्षतिग्रस्त स्कबर का निरीक्षण किया।
खातीगाँव–देवतोली मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त कल्मट का पुनर्निर्माण एसडीआरएफ मद से स्वीकृत 10.23 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। कार्य की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाकर अगस्त माह के प्रथम सप्ताह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। और कहा कि कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। इसके साथ ही सुनिश्चित करने को कहा कि पेयजल लाइन को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे।
पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता एन.के. जोशी ने बताया कि 29 जून को भारी वर्षा के कारण उक्त कल्मट वॉशआउट हो गया था, जिसके बाद पुनर्निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने बासफटान–रावतसेरा मोटर मार्ग के किलोमीटर 05 पर क्षतिग्रस्त स्कबर का निरीक्षण किया। उन्होंने पीएमजीएसवाई अधिकारियों को शीघ्र स्कबर निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर सड़क पर पेड़ एवं मलबा आ गया है, उसे तत्काल हटाकर मार्ग को सुरक्षित एवं सुचारु बनाया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार जगदीश पुरी, पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता एन.के. जोशी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

