बागेश्वर:नशा मुक्त उत्तराखंड व अमानक/नकली दवाओं की रोकथाम हेतु विशेष अभियान, मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर, जिलाधिकारी से प्राप्त निर्देशों के क्रम में दिनांक 12 जनवरी 2026 को जनपद बागेश्वर में “नशा मुक्त उत्तराखंड” एवं अमानक (NSQ) एवं नकली (Spurious) दवाओं की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी द्वारा विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोरों में वैध लाइसेंस की उपलब्धता, पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में औषधियों का क्रय-विक्रय, सीसीटीवी कैमरों एवं उनकी रिकॉर्डिंग, एक्सपायरी दवाओं के पृथक व सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था की जांच की गई। इसके साथ ही मनः प्रभावी औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों एवं बिलों का निरीक्षण किया गया तथा नारकोटिक औषधियों का वितरण केवल चिकित्सकीय पर्चे पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान 03 मेडिकल स्टोरों में कुछ अनियमितताएं पाई गईं। संबंधित फर्मों द्वारा लाइसेंस की शर्तों का अनुपालन न किए जाने पर 07 दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक अनुपालन न होने की स्थिति में औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 के अंतर्गत लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की जाएगी। साथ ही 04 औषधियों के नमूने राज्य औषधि विश्लेषण शाला को जांच हेतु भेजे गए हैं।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि अमानक एवं नकली दवाओं की रोकथाम औषधि प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसी दवाएं न केवल मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं, बल्कि दवाओं पर जनविश्वास को भी प्रभावित करती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित में इस प्रकार की प्रवर्तन कार्यवाही जनपद में निरंतर जारी रहेगी।
जिला सूचना अधिकारी,
बागेश्वर।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad