बागेश्वर:अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जनपदभर में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, तीन हजार से अधिक लोगों ने लिया भाग।

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

बागेश्वर

📌 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जनपदभर में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, तीन हजार से अधिक लोगों ने लिया भाग।

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद बागेश्वर में “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” थीम पर विभिन्न स्थानों पर भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम नुमाइशखेत मैदान में आयोजित हुआ, जिसका शुभारंभ विधायक पार्वती दास ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल,जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, अपर जिलाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग का संदेश दिया।कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया तथा नियमित योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान उदय भास्कर एवं रुचि ने “आदि योगी” धुन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का आकर्षित किया।

जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने सभी जनपदवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया तथा योग रील प्रतियोगिता के विजेताओं को बधाई दी।

विधायक पार्वती दास ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, निरोग एवं मन प्रसन्न रहता है। उन्होंने सभी नागरिकों से निरंतर योग अपनाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा आयोजित योग रील प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सिंगल श्रेणी में प्रथम स्थान केवलानंद जोशी ने प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान कुमारी वर्षा कोरंगा, तेजस्विनी रौतेला एवं नेहा गोस्वामी ने संयुक्त रूप से हासिल किया। ग्रुप श्रेणी में कोरंगा सिस्टर्स प्रथम, कविता मेहरा टीम द्वितीय तथा केवलानंद जोशी टीम तृतीय स्थान पर रही।

मुख्य कार्यक्रम के अलावा बालिका इंटर कॉलेज कांडा, अनासक्ति आश्रम कौसानी, केदारेश्वर मैदान कपकोट तथा जनपद के सभी 12 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं आयुष संस्थानों में भी योग शिविर आयोजित किए गए, जिनमें कुल 3 हजार से अधिक लोगों ने सहभागिता कर योग के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

Ad
Ad Ad