बागेश्वर:एक आधार, दो पहचान: शामा क्षेत्र में सामने आए प्रकरण पर जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
बागेश्वर,
📌 एक आधार, दो पहचान: शामा क्षेत्र में सामने आए प्रकरण पर जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
जनपद बागेश्वर के शामा क्षेत्र में जुड़वा भाई-बहन को एक ही आधार संख्या जारी होने का मामला संज्ञान में आया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को आवश्यक एवं उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर रोहित बहुगुणा ने बताया कि मामले के समाधान हेतु यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून (उत्तराखंड) के सहायक महाप्रबंधक नितेश सैनी से समन्वय स्थापित किया गया। यूआईडीएआई द्वारा अवगत कराया गया कि यह मामला मिक्स बायोमेट्रिक (Mixed Biometric) से संबंधित है।
यूआईडीएआई के निर्देशानुसार संबंधित आधार संख्या को निरस्त किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, जिसके लिए यूआईडीएआई टेक सेंटर को आवश्यक सूचना प्रेषित कर दी गई है। यूआईडीएआई ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर उक्त आधार संख्या निरस्त कर दी जाएगी। इसके उपरांत दोनों बच्चे पुनः आधार नामांकन (एनरोलमेंट) कराकर अलग-अलग नया आधार कार्ड प्राप्त कर सकेंगे।
जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि नागरिकों की पहचान से जुड़े मामलों में त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

