बागेश्वर:14 जुलाई से होंगे खिलाड़ी चयन ट्रायल, चयनित प्रतिभाओं को मिलेगी छात्रवृत्ति एवं खेल किट सहायता

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

बागेश्वर,

मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना एवं मुख्यमंत्री प्रोत्साहन खिलाड़ी योजना के अंतर्गत जिले के 8 से 23 वर्ष तक के प्रतिभावान खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति तथा खेल किट के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं चयन प्रक्रिया की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रभारी खेल अधिकारी किरण नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत जनपद से 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 150 बालक एवं 150 बालिका खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 1,500 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री प्रोत्साहन खिलाड़ी योजना के तहत 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2,000 रुपये की छात्रवृत्ति के साथ खेल किट क्रय करने हेतु 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। दोनों योजनाओं के चयन ट्रायल 14 जुलाई से प्रारंभ होंगे।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि न्याय पंचायत, विकासखंड एवं जिला स्तर पर आयोजित होने वाले ट्रायल से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने चयन प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने पर बल देते हुए खेल स्थलों पर पेयजल, शौचालय तथा प्राथमिक उपचार जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा विभाग को प्रत्येक ट्रायल स्थल पर विशेषज्ञ व्यायाम शिक्षकों एवं खेल प्रशिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

प्रभारी खेल अधिकारी ने बताया कि उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के ट्रायल में सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रतिभागियों का उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि पंजीकरण एवं ट्रायल के समय प्रतिभागियों को आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, स्थायी निवास प्रमाण पत्र तथा जन्म प्रमाण पत्र की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी। न्याय पंचायत स्तर पर चयनित खिलाड़ी विकासखंड स्तर पर, विकासखंड स्तर से चयनित खिलाड़ी जिला स्तर के ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अमित मिश्रा, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad
Ad Ad