बागेश्वर:कौसानी पुलिस ने चलाया जन-जागरूकता अभियान; ग्रामीणों को दी नए कानूनों और साइबर अपराधों की जानकारी

ख़बर शेयर करें

कौसानी पुलिस ने चलाया जन-जागरूकता अभियान; ग्रामीणों को दी नए कानूनों और साइबर अपराधों की जानकारी

पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण और जन-जागरूकता के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज दिनॉक-03/06/2026 को कोतवाली कौसानी पुलिस द्वारा क्षेत्र के अंतर्गत कौसानी चौराहे और ग्राम नौघर स्टेट में एक विशेष कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के दौरान कौसानी पुलिस टीम ने स्थानीय व्यापारियों, ग्रामीणों और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर जागरूक किया।
पुलिस टीम द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि इन नए कानूनों के तहत महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों के अधिकारों को अधिक सुरक्षित और मजबूत बनाया गया है। आम जनमानस को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के गुर और पुलिस स्तर पर मिलने वाली त्वरित सहायता व कानूनी प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस ने बाल श्रम, बाल विवाह, मानव तस्करी, बाल भिक्षावृत्ति और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर सामाजिक अपराधों से बचाव के उपायों पर विस्तृत चर्चा की। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बाल शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस टीम ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग की अपील की। इसके साथ ही, सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने, दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने, कार में सीटबेल्ट का प्रयोग करने और यातायात नियमों का उल्लंघन न करने की सख्त हिदायत दी गई।
वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी (Cyber Frauds) से बचने के लिए पुलिस ने जनता को जागरूक किया। पुलिस ने अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी (OTP) या व्यक्तिगत डेटा साझा न करें किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर साइबर हेल्पलाईन न0- 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी गयी । बाहरी व्यक्ति का किरायेदार सत्यापन अवश्य कराने , किसी भी प्रकार के अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को या पुलिस सहायता न0- 112 पर देने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर कौसानी चौराहे के स्थानीय व्यापारी, ग्राम नौघर स्टेट के ग्रामीण, महिलाएं और युवा भारी संख्या में उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad