बागेश्वर में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, 7 होटल-रेस्टोरेंट में औचक छापेमारी

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर में पर्यटन सीजन और बढ़ती गर्मी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ा निरीक्षण अभियान चलाया। अपर आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं जिला अधिकारी के निर्देशों के तहत नगर क्षेत्र के होटल, रेस्टोरेंट और मॉल में औचक छापेमारी की गई।

इस अभियान के दौरान कुल 7 होटल और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। टीम ने सबसे पहले रसोई की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया। कई जगह किचन की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर संचालकों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए गए। किचन स्टाफ को भी साफ-सफाई बनाए रखने के लिए सख्त हिदायत दी गई।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की भी गहन जांच की गई। होटल और रेस्टोरेंट में रखे दूध, पनीर, तेल, मसाले, मैदा, दालें और तैयार भोजन को चेक किया गया। इस दौरान कुछ स्थानों पर पुरानी ग्रेवी, डीप फ्रीजर में रखे बासी चावल और चिकन पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। संबंधित संचालकों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा गया कि भविष्य में ऐसी लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा मॉल में फल और सब्जियों की गुणवत्ता भी जांची गई और दुकानदारों को केवल ताजा और स्वच्छ उत्पाद बेचने के निर्देश दिए गए। सभी होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को Food Safety and Standards Authority of India के मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया।
विभाग ने साफ किया कि पर्यटन सीजन के दौरान ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी खराब या मिलावटी खाद्य पदार्थ मिले तो टोल फ्री नंबर 1800-180-424 पर शिकायत दर्ज कराएं।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad