उत्तराखंड: डिजिटल अरेस्ट केस में STF की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख का खाताधारक हरियाणा से गिरफ्तार
डिजिटल अरेस्ट केस में STF की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख का खाताधारक हरियाणा से गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की साइबर टीम ने 1.47 करोड़ रुपये के चर्चित डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने साइबर ठगी की रकम के 50 लाख रुपये प्राप्त करने वाले लाभार्थी खाताधारक भूपिंदर सिंह (41) निवासी अंबाला, हरियाणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी था।एसटीएफ के अनुसार वर्ष 2025 में नैनीताल निवासी एवं रूहेलखंड विश्वविद्यालय की सेवानिवृत्त कुलपति को साइबर अपराधियों ने खुद को महाराष्ट्र साइबर क्राइम का अधिकारी बताकर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसाने का डर दिखाया। इसके बाद पीड़िता को 12 दिनों तक व्हाट्सएप कॉल पर डिजिटल अरेस्ट रखा गया और ऑनलाइन सत्यापन के नाम पर 1.47 करोड़ रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करा लिए गए।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी के बैंक खाते में ठगी की 50 लाख रुपये की राशि स्थानांतरित की गई थी। एसटीएफ की साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपी को हरियाणा के अंबाला जिले के शाह थाना क्षेत्र स्थित पिलखनी गांव से गिरफ्तार किया।
इस मामले में इससे पहले भी तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसटीएफ का कहना है कि साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

