उत्तराखंड के लाखों लोगों के खातों में पहुंची बड़ी रकम, सीएम धामी ने छात्रावासों को लेकर भी दिया बड़ा निर्देश
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत जून माह की पेंशन राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में भेज दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से 9,80,950 लाभार्थियों के खातों में कुल 145 करोड़ 42 लाख रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य की सभी योजनाओं को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं बनाई जाएं…जो आने वाले वर्षों में भी लोगों के लिए उपयोगी और प्रभावी बनी रहें।
बैठक में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 60 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ समय पर और सरल प्रक्रिया के माध्यम से मिलना चाहिए। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने के निर्देश दिए गए।मुख्यमंत्री ने बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने देहरादून के डोईवाला, नैनीताल के पाइनस और अल्मोड़ा के सोमेश्वर में बन रहे छात्रावासों का निर्माण कार्य अक्टूबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए। इन छात्रावासों के तैयार होने से अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं को बेहतर आवासीय और शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
जून माह में जारी पेंशन राशि के तहत वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं शुरू करना नहीं…बल्कि ऐसी मजबूत और पारदर्शी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे हर पात्र व्यक्ति को समय पर लाभ मिले और सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत होती रहे।

