मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए 28 करोड़ रुपये की मंजूरी दी

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों और निर्माण परियोजनाओं के लिए करीब 28 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में सड़क, पुल, धार्मिक स्थलों का विकास, पुलिस आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले के ध्वज जयन्ती माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवास, पेयजल, शौचालय और संपर्क मार्ग के निर्माण हेतु 97.09 लाख रुपये मंजूर किए हैं। इसके अलावा मूनाकोट ब्लॉक के भौड़ी गांव स्थित बुद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण, धर्मशाला और सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए 22 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
उधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में ग्राम भूड़ महोलिया में छठ पूजा स्थल के निर्माण के लिए 2.70 करोड़ रुपये और रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में द्वितीय केदार श्री मद्महेश्वर धाम के विकास कार्यों के लिए 54.81 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
सड़क और पुल निर्माण के तहत पिथौरागढ़ में बेड़ा से भट्ठयानी मेल्टीनाथ तक सीसी सड़क निर्माण के लिए 62.19 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं सितारगंज क्षेत्र में गोला नदी पर 250 मीटर लंबे पीएससी पुल के निर्माण के लिए 18.78 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।नैनीताल जिले में भीमताल-नौकुचियाताल मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 2.46 करोड़ रुपये और हरिद्वार जिले के झबरेड़ा क्षेत्र में अकबरपुर-खुंडेवाली-लोदीवाला मार्ग के निर्माण के लिए 66.68 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा हरिद्वार के श्यामपुर थाना परिसर में टाइप-3 श्रेणी के छह आवासों के निर्माण के लिए 3.10 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। प्रथम किश्त के रूप में 1.24 करोड़ रुपये जारी करने का भी अनुमोदन किया गया है।

राज्य सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से धार्मिक पर्यटन, सड़क संपर्क और स्थानीय बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी, जिससे लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

Ad
Ad Ad