उत्तराखंड: समय से पहले चुनाव की अटकलों पर सीएम धामी ने दिया स्पष्ट जवाब

ख़बर शेयर करें

देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव तय समय से पहले कराए जाने की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल राज्य में समय से पहले चुनाव कराने को लेकर न तो कोई आधिकारिक सूचना है और न ही ऐसी किसी तैयारी की जानकारी सरकार के पास है।

गुरुवार को देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कराए जा सकते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि अभी तक उन्हें किसी भी स्तर पर ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव कब होंगे…इसका फैसला भारत निर्वाचन आयोग करता है और सभी को उसी प्रक्रिया का पालन करना होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल समय से पहले चुनाव की खबरों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।

पिछले कुछ समय से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा चल रही थी कि राज्य में विधानसभा चुनाव नवंबर या दिसंबर 2026 में कराए जा सकते हैं। इन अटकलों के पीछे विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के लगातार दौरे, मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाएं और आगामी बड़े आयोजनों को कारण बताया जा रहा था।
हालांकि मुख्यमंत्री के बयान के बाद इन चर्चाओं पर फिलहाल विराम लग गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के स्तर पर समय से पहले चुनाव को लेकर कोई फैसला या तैयारी नहीं चल रही है।उत्तराखंड विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल मार्च 2027 तक है। ऐसे में सामान्य परिस्थितियों में चुनाव 2027 की शुरुआत में ही होने की संभावना है। मुख्यमंत्री के बयान से यह साफ हो गया है कि समय से पहले चुनाव को लेकर चल रही चर्चाएं फिलहाल केवल अटकलें हैं और इस संबंध में कोई आधिकारिक निर्णय नहीं लिया गया है।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad