दिल्ली से लौटते ही आपातकालीन केंद्र पहुंचे CM धामी, 179 ट्रैकर्स-माउंटेनियर्स के रेस्क्यू की ली जानकारी

ख़बर शेयर करें

देहरादून। दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सीधे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में फंसे ट्रैकर्स और माउंटेनियर्स को सुरक्षित निकालने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू अभियान की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अलग-अलग क्षेत्रों में फंसे लोगों की संख्या, उनकी लोकेशन और अब तक किए गए रेस्क्यू की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लोगों को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता हो और मौसम को ध्यान में रखते हुए रेस्क्यू के लिए उपलब्ध संसाधनों का सही इस्तेमाल किया जाए।
अधिकारियों के अनुसार राज्य के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कुल 179 ट्रैकर्स और माउंटेनियर्स के फंसे होने की जानकारी मिली थी। इनमें 136 लोग उत्तरकाशी और 43 लोग बागेश्वर जिले के पिंडारी क्षेत्र में बताए गए हैं।

उत्तरकाशी में 40 लोगों को निकाला गया

उत्तरकाशी में फंसे 136 लोगों में से 40 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। वहीं 40 लोगों ने फिलहाल रेस्क्यू कराने से मना किया है। उन्होंने अपनी यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई है।
बाकी लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सोमवार सुबह 6 बजे से रेस्क्यू अभियान फिर शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभियान के दौरान ट्रैकर्स, माउंटेनियर्स और पोर्टर्स की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
8 हेलीकॉप्टर लगाए गए

रेस्क्यू अभियान के लिए 8 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने जरूरत के अनुसार इनका तत्काल इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। किसी व्यक्ति को चिकित्सकीय सहायता की जरूरत पड़ने की स्थिति में हेली एंबुलेंस को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी से भी फोन पर बात कर मौके की स्थिति जानी। जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए सोमवार सुबह 6 बजे से शेष लोगों के लिए रेस्क्यू अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा।

चारधाम यात्रा की भी समीक्षा

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में हुई बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने धामों और यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने चारधाम सहित प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के लिए स्थायी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था तैयार करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लंबे समय की योजना बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में मौसम और हालात पर लगातार नजर रखी जाए। प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य जारी रखें।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad