सीएम धामी ने विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए 51 करोड़ रुपये मंजूर किए
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जिलों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कुल 51 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को मंजूरी दी है। इन योजनाओं में हेलीपैड निर्माण, सड़क सुधार, आपदा प्रबंधन, पुलिस आधुनिकीकरण और न्यायिक एवं कारागार से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सड़क, हवाई संपर्क, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन जैसी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। इन योजनाओं के पूरा होने से दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों को गति मिलेगी।स्वीकृत योजनाओं के तहत बागेश्वर के बेड़ा-मझेड़ा (करीमपुर) में हेलीपैड निर्माण के लिए 8.91 करोड़ रुपये, उत्तरकाशी के जखोल क्षेत्र में 1.08 करोड़ रुपये तथा नैनीताल के डौन परेवा में हेलीपैड और पहुंच मार्ग के विकास के लिए प्रथम चरण में धनराशि मंजूर की गई है। इसके अलावा देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट में विद्युत एवं सिविल कार्यों के लिए भी 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।सड़क परियोजनाओं में चम्पावत के तामली-कारी मोटर मार्ग के सुधार के लिए 2.64 करोड़ रुपये, अल्मोड़ा के लोधिया-चौगू मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 3.84 करोड़ रुपये तथा मसूरी क्षेत्र में सालावाला पुल से विजय कॉलोनी पुल तक सड़क को दो लेन से चौड़ा करने के लिए 16.87 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।इसके अलावा पौड़ी गढ़वाल में एसडीआरएफ पोस्ट निर्माण, टिहरी जिला कारागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल की स्थापना और पुलिस मुख्यालय के आधुनिकीकरण के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। पुलिस मुख्यालय के उपकरण और संसाधनों के लिए 15 करोड़ रुपयेजारी करने को भी मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी।

