देहरादून :(बिग न्यूज) अटल उत्कृष्ट विद्यालयों को मिले 330 शिक्षक
उत्तराखंड के 186 अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में लंबे समय से रिक्त चल रहे गणित, विज्ञान और अंग्रेजी जैसे कठिन विषयों के शिक्षक मिल गए हैं। 330 प्रवक्ता एवं सहायक अध्यापकों (एलटी) को विद्यालय आवंटन के आदेश माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद प्रसाद सिमल्टी ने जारी किए।
प्रदेश में अटल उत्कृष्ट राजकीय विद्यालय सीबीएसई पाठ्यक्रम संचालित करते हैं। शिक्षा विभाग को अटल उत्कृष्ट विद्यालयों के रिक्त 820 पदों पर शिक्षकों की तैनाती करनी है। इनमें 551 प्रवक्ता और 269 एलटी शिक्षक हैं। पिछले चार वर्षों से शिक्षकों की कमी के कारण इन विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुरूप पढ़ाई नहीं हो पा रही थी।कई विद्यालयों में विषयवार शिक्षक न होने से नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही थीं। इससे 12वीं के विद्यार्थियों को पठन-पाठन और इंजीनियरिंग एवं मेडिकल के लिए प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी में भी दिक्कतें आ रही थीं।
अटल विद्यालयों में कुल 3280 पद सृजित हैं, जिनमें 1834 प्रवक्ता और 1446 एलटी शिक्षक शामिल हैं। रिक्त पदों पर शिक्षकों की तैनाती के लिए अगस्त, 2025 में स्क्रीनिंग परीक्षा हुई थी। इसके बाद मई 2026 में काउंसलिंग रखी गई। अब जून दूसरे सप्ताह में चयनित शिक्षकों को उनके वर्तमान विद्यालयों से पदमुक्त कर अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में तैनाती दी गई है।
अटल उत्कृष्ट विद्यालयों के विद्यालयों के शिक्षकों की नियुक्ति आदेश कर दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त काउंसलिंग में शामिल 186 अन्य प्रवक्ता एवं एलटी शिक्षकों ने स्कूल वरीयता नहीं दी, जिससे उन्हें अटल उत्कृष्ट विद्यालय नहीं भेजा गया।
विनाद प्रसाद सिमल्टी, माध्यमिक शिक्षा निदेशक

