जिला चिकित्सालय बागेश्वर के औषधि भंडार का औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी द्वारा किया गया औचक निरीक्षण एवं 10 औषधि नमूनों का किया गया गुणवत्ता परीक्षण हेतु संग्रहण ।
बागेश्वर,
📌जिला चिकित्सालय बागेश्वर के औषधि भंडार का औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी द्वारा किया गया औचक निरीक्षण एवं 10 औषधि नमूनों का किया गया गुणवत्ता परीक्षण हेतु संग्रहण ।
अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड, देहरादून तथा जिलाधिकारी महोदया, बागेश्वर के निर्देशों के अनुपालन में औषधि निरीक्षक, बागेश्वर सुश्री पूजा रानी द्वारा आज जिला चिकित्सालय, बागेश्वर के औषधि भंडार (Drug Store) का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान औषधियों के भंडारण, संरक्षण एवं वितरण व्यवस्था का विस्तृत परीक्षण किया गया। इस क्रम में औषधियों के भंडारण हेतु निर्धारित तापमान एवं आर्द्रता नियंत्रण व्यवस्था, स्टॉक की उपलब्धता, बैच विवरण, निर्माण एवं अवसान (Expiry) तिथि, स्टॉक रजिस्टर तथा औषधियों के निर्गमन एवं वितरण से संबंधित अभिलेखों का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मनःप्रभावी (Psychotropic) औषधियों को सुरक्षित रूप से ताला-बंद अलमारी में संग्रहीत करने तथा अवसान अवधि पूर्ण (Expired) औषधियों को पृथक कर सुरक्षित एवं ताला-बंद एक्सपायरी बॉक्स में रखने के निर्देश दिए गए।
जनस्वास्थ्य एवं रोगी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करते हुए औषधि भंडार से विभिन्न श्रेणियों की 10 औषधियों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु संग्रहित किए गए।
संग्रहित नमूनों को नियमानुसार विश्लेषण एवं गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य औषधि विश्लेषणशाला प्रेषित किया जाएगा। परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 तथा नियमावली, 1945 के प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान औषधि भंडार प्रभारी को निर्देशित किया गया कि वे औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 तथा नियम, 1945 के अंतर्गत निर्धारित प्रावधानों एवं मानकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें, सभी अभिलेखों एवं स्टॉक रजिस्टरों को नियमित रूप से अद्यतन रखें तथा औषधियों के सुरक्षित भंडारण एवं वितरण संबंधी मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) का कड़ाई से पालन करें।
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनसामान्य को गुणवत्तायुक्त, सुरक्षित एवं मानक अनुरूप औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु जनपद के चिकित्सालयों, औषधि भंडारों एवं औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण एवं गुणवत्ता निगरानी अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।
निरीक्षण टीम में औषधि निरीक्षक पूजा रानी तथा विभाग से भूपेंद्र सिंह देव शामिल रहे ।

