बागेश्वर:भारतीय भाषा समर कैंप का उत्साहपूर्ण शुभारंभ
भारतीय भाषा समर कैंप का उत्साहपूर्ण शुभारंभ
बागेश्वर,
आज दिनांक 27 मई 2026 को पीएम श्री विक्रम मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में भारतीय भाषा समर कैंप के प्रथम दिवस का आयोजन बड़े उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य दीप चंद्र जोशी द्वारा किया गया। इस अवसर पर समर कैंप के जिला समन्वयक डा. के. एस. रावत, डा. हरिश चंद्र जोशी, कार्यक्रम प्रभारी संजय कुमार टम्टा, भाषा शिक्षक सुरेश राम, गिरीश रावत एवं ममता नेगी उपस्थित रहे।

समर कैंप के प्रथम दिवस में छात्र-छात्राओं को विभिन्न भारतीय भाषाओं में बेसिक अभिवादन एवं सामान्य बोलचाल की भाषा का अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न भाषाओं में संवाद एवं रोल प्ले प्रस्तुत कर अपनी भाषाई दक्षता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा नेहा पांडे द्वारा विद्यालय के कक्षा 10 के टॉपर छात्र प्रियांशु आर्य का हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में साक्षात्कार लिया गया, जिसकी सभी उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों द्वारा सराहना की गई।
समर कैंप के जिला समन्वयक डॉ. के. एस. रावत ने विद्यार्थियों को भारतीय भाषा समर कैंप के उद्देश्य एवं महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कुमाऊँनी, हिंदी एवं अंग्रेजी भाषाओं के विभिन्न सामान्य वाक्यों का अभ्यास भी छात्र-छात्राओं को कराया।
इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से कक्षा 12 तक के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के प्रति अत्यंत उत्साह दिखाते हुए प्रथम दिवस के अनुभव साझा किए तथा कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं आनंददायक बताया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं द्वारा स्थानीय व्यंजनों पर आधारित भोजन का आनंद लिया गया।

