उत्तराखंड: कुमाऊं में यहां नवविवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत चार गिरफ्तार
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में दहेज की मांग को लेकर 20 वर्षीय नवविवाहिता कोहिनूर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में मृतका के पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी।
पुलिस के अनुसार, मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के बुढनपुर गांव निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर 2026 को रामनगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी क्षेत्र निवासी उवेश के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी।
तहरीर के मुताबिक, 16 अक्टूबर को कोहिनूर की हत्या कर दी गई। शिकायत के आधार पर रामनगर कोतवाली में एफआईआर संख्या 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी रामनगर कर रहे हैं।
विवाद के बाद हत्या, आत्महत्या दिखाने की कोशिश का आरोप
पुलिस की पूछताछ और अब तक की विवेचना में सामने आए तथ्यों के अनुसार, कोहिनूर और उसके पति के बीच दहेज की रकम तथा पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद होता था। पुलिस का कहना है कि घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए।
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को कमरे में चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। आरोप है कि उसके हाथ-पैर पकड़कर गर्दन पर दबाव डाला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से उसके गले में दुपट्टा बांधकर पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया और आत्महत्या की बात प्रचारित की गई।
पति, सास, जेठ और ननद गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की गिरफ्तारी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद रामनगर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में उवेश (22), मृतका का पति; नसरीन (50), सास; अनस (23), जेठ; और शबा (20), ननद शामिल हैं। सभी रामनगर के खताड़ी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
अन्य पहलुओं की भी जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों, घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। अन्य व्यक्तियों की संभावित भूमिका और संबंधित साक्ष्यों के संबंध में भी विवेचना जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, चौकी प्रभारी छोई देवेंद्र सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक सोमेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह भंडारी और महिला कांस्टेबल हरदेश कौर शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

