बागेश्वर:कौसानी में रजत जयंती वर्ष पर ‘हिमालयन टूरिज्म फेस्ट’ का भव्य आयोजन
बागेश्वर
📌 कौसानी में रजत जयंती वर्ष पर ‘हिमालयन टूरिज्म फेस्ट’ का भव्य आयोजन

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती समारोह) के अवसर पर पर्यटन विभाग के तत्वावधान में कौसानी में “हिमालयन टूरिज्म फेस्ट” थीम पर विविध पर्यटन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, भूपेश उपाध्याय और मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर एवं रिबन काटकर किया।
इस अवसर पर बर्ड वॉचिंग, नेचर फोटोग्राफी प्रदर्शनी, स्थानीय व्यंजन प्रतियोगिता, माउंटेन साइक्लिंग और ट्रैकिंग जैसी आकर्षक साहसिक गतिविधियां आयोजित की गईं। स्थानीय व्यंजन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पहाड़ी स्वाद का मनमोहक प्रदर्शन किया, वहीं नेचर फोटोग्राफी प्रदर्शनी में हिमालय की अद्भुत छटा को कैमरे में कैद किया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या ने इस आयोजन को स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत में निहित है। ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगार के अवसर देने के साथ-साथ कौसानी को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करेंगे।

दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। इस प्रकार के आयोजनों से स्थानीय कलाकारों, कारीगरों और व्यंजन विशेषज्ञों को पहचान और प्रोत्साहन मिलेगा। भूपेश उपाध्याय ने कहा कि राज्य सरकार इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे विकास और प्रकृति में संतुलन स्थापित हो सके। उन्होंने राज्य स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को बधाई भी दी।

कार्यक्रम में पर्यटन अधिकारी पी.के. गौतम, संजय परिहार, घनश्याम जोशी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में पर्यटक उपस्थित रहे।

