अपराधों की रोकथाम हेतु एक्शन में बागेश्वर पुलिस: ज्वेलरी शॉप, बैंकों और एटीएम की हुई सघन चेकिंग; बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के कड़े निर्देश।

अपराधों की रोकथाम हेतु एक्शन में बागेश्वर पुलिस: ज्वेलरी शॉप, बैंकों और एटीएम की हुई सघन चेकिंग; बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के कड़े निर्देश।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में आज दिनांक-22/10/2026 को कोतवाली बागेश्वर पुलिस द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एक चेकिंग अभियान चलाया गया। आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए पुलिस टीम ने कोतवाली बागेश्वर क्षेत्रांतर्गत आने वाले सभी वित्तीय संस्थानों, बैंकों, एटीएम और सर्राफा (ज्वेलरी) दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा समस्त व्यापारियों और बैंक प्रबंधकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे अपने प्रतिष्ठानों में किसी भी बाहरी व्यक्ति को व्यवसाय या नौकरी पर रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से करवाएं। इसके साथ ही मकान मालिकों को भी किरायेदारों का अनिवार्य सत्यापन कराने को कहा गया।
सभी व्यापारिक और वित्तीय प्रतिष्ठानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परिसर के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को चौबीसों घंटे चालू रखें और उनका वीडियो बैकअप पूरी तरह दुरुस्त रखें।
बैंक परिसरों, सर्राफा दुकानों और एटीएम के आस-पास बेवजह चक्कर काटने वाले या संदिग्ध दिखने वाले व्यक्तियों पर कड़ी सतर्कता रखने की हिदायत दी गई। किसी भी अप्रिय घटना, संदिग्ध गतिविधि या संदेहास्पद व्यक्ति की सूचना तुरंत बिना किसी देरी के कोतवाली बागेश्वर पुलिस को देने को कहा गया है।
कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वे आम जनता और व्यापारी वर्ग की सुरक्षा के लिए पूरी तरह कटिबद्ध हैं। अपराधियों में खौफ और जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए पुलिस का यह चेकिंग अभियान और सत्यापन प्रक्रिया आगे भी निरंतर जारी रहेगी ।

