उत्तराखंड :कुमाऊं में यहां सपेरों के भेष में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 25 लाख के जेवर बरामद
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने सपेरों के भेष में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और बर्तन बरामद किए गए हैं। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।
पुलिस के अनुसार हल्द्वानी कोतवाली और मुखानी थाना क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं की गई थीं। हरिपुर मोतिया निवासी मनोज कुमार जोशी और कृष्णापुर मुखानी निवासी लक्ष्मण सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर गठित संयुक्त पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के आधार पर शनिवार को बेल बाबा मंदिर के पास से प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, गुरविंदर और रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार में सपेरे का काम करते हैं और नैनीताल घूमने आने के दौरान बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंगलसूत्र, हार, चेन, अंगूठियां, पायल, चोकर समेत बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर और बर्तन बरामद किए हैं। आरोपियों में से गुरविंदर के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।

