दिपावली पर्व के मद्देनजर बागेश्वर पुलिस अलर्ट; फायर स्टेशन द्वारा नगर क्षेत्र में चलाया गया सघन चेकिंग अभियान।
आगामी दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर, श्री जितेन्द्र कुमार मेहरा (IPS) के निर्देशों के अनुपालन में बागेश्वर फायर सर्विस पूरी तरह मुस्तैद है। किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के उद्देश्य से आज, दिनांक 22/10/ 2026 को बागेश्वर नगर क्षेत्र में एक सघन चेकिंग और निरीक्षण अभियान चलाया गया।
यह अभियान प्रभारी अग्निशमन अधिकारी (FSSO) श्री दिनेश चंद्र पाठक एवं प्रशिक्षु FSSO श्री सचिन सेमवाल के नेतृत्व में फायर यूनिट बागेश्वर द्वारा संचालित किया गया।
आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए नगर में स्थापित सभी फायर हाइड्रेंट्स की जल निगम के पंप ऑपरेटर के सहयोग से मौके पर सघन टेस्टिंग की गई। जांच के दौरान सभी फायर हाइड्रेंट पूरी तरह चालू और कार्यशील स्थिति में पाए गए।
नगर क्षेत्र के प्रमुख ऐतिहासिक मंदिरों, पूजा स्थलों और अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित मंदिर प्रबंधकों और जिम्मेदार व्यक्तियों को अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, बिजली के ढीले व संवेदनशील तारों को तत्काल दुरुस्त करने तथा आतिशबाजी/पटाखों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के संबंध में जागरूक किया गया।
बागेश्वर पुलिस और अग्निशमन विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि वे त्योहारों के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर स्टेशन को सूचित करें।

