वन दरोगा परीक्षा के लिए बागेश्वर प्रशासन सतर्क, पारदर्शिता व नकल रहित परीक्षा के निर्देश

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर, उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 22 जून 2025 को आयोजित वन दरोगा लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से सम्पन्न कराने हेतु जिलाधिकारी आशीष भटगाई ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के सभी परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक, जोनल मजिस्ट्रेट एवं सैक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनपद बागेश्वर में परीक्षा के लिए कुल तीन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल 1100 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। कन्ट्रीवाइंड पब्लिक स्कूल कठायतवाड़ा में 432, सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में 312 एवं विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मंडलसेरा में 356 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों में जैमर, सीसीटीवी कैमरे तथा मोबाइल व अन्य निजी सामान रखने हेतु क्लॉक रूम की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षा केंद्र पर तैनात कक्ष निरीक्षकों से यह शपथ पत्र अवश्य लें कि उनके कोई पारिवारिक सदस्य संबंधित परीक्षा केंद्र में परीक्षा नहीं दे रहे हैं।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) संवेदनशील स्थलों पर जेसीबी मशीन की तैनाती सुनिश्चित करे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) परीक्षा केंद्रों पर मेडिकल टीम की व्यवस्था करें तथा यूपीसीएल परीक्षा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करे।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी ईमानदारी, तत्परता एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आयोग की गाइडलाइनों के अनुसार परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में यूकेएसएसएससी के अधिकारी रॉबिन सिंह, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad