बागेश्वर:पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 के सफल आयोजन हेतु RO एवं ARO को दिया गया द्वितीय प्रशिक्षण

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर,

जनपद बागेश्वर में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 को सुचारु, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने हेतु विकास भवन सभागार में द्वितीय प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय/जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें निर्वाचन में नियुक्त आरओ और एआरओ, ने भाग लिया।

प्रशिक्षण में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया, आदर्श आचार संहिता, नामांकन, मतदान, मतगणना एवं परिणाम घोषणा से संबंधित सभी बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे प्राप्त प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और अपने अधीनस्थ कार्मिकों को भी समुचित जानकारी प्रदान करें। उन्होंने कहा कि समन्वय, समयबद्धता और सजगता के साथ किया गया कार्य ही निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बना सकता है।

डीडीओ संगीता आर्या ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 25 से 28 जून तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 29 जून से 1 जुलाई तक होगी, नाम वापसी 2 जुलाई, चिन्ह आवंटन 3 जुलाई को किया जाएगा। मतदान 10 जुलाई को तथा मतगणना 19 जुलाई को संपन्न होगी।

जनपद में कुल 405 ग्राम प्रधान, 2899 ग्राम पंचायत सदस्य, 120 क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं 19 जिला पंचायत सदस्य पदों पर निर्वाचन होना है। बागेश्वर ब्लॉक में 182 मतदान केंद्र, कपकोट में 122 तथा गरुड़ में 101 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

इस अवसर पर डीडीओ संगीता आर्या, परियोजना निर्देशक शिल्पी पंत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad