बागेश्वर में सावित्रीबाई फुले जयंती पर बालिका शिक्षा और सामाजिक समानता का संदेश
विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने याद किया सावित्रीबाई फुले का संघर्ष और शिक्षा दर्शन
बागेश्वर। बीते रोज जिले में सावित्रीबाई फुले एवं महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती श्रद्धा, सम्मान और विचार-विमर्श के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला एससी-एसटी शिक्षक एसोशिएशन बागेश्वर के नेतृत्व में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, युवाओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सावित्रीबाई फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों को स्मरण करते हुए की गई।
विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने सावित्रीबाई फुले के शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले भारत की पहली महिला शिक्षिका थीं, जिन्होंने सामाजिक भेदभाव, विरोध और कठिन परिस्थितियों के बावजूद बालिकाओं और वंचित वर्गों के लिए शिक्षा का दीपक जलाया। गांव-गांव जाकर शिक्षा की अलख जगाना उनके जीवन का प्रमुख उद्देश्य था।
जिला एससी-एसटी शिक्षक एसोशिएशन के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार धौनी ने अपने संबोधन में सावित्रीबाई फुले द्वारा सामाजिक कुरीतियों, जातिगत भेदभाव और महिला उत्पीड़न के खिलाफ किए गए संघर्षों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। एसोशिएशन के संरक्षक हरीश आगरी ने महात्मा ज्योतिबा फुले के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके सिद्धांत सामाजिक न्याय, समानता और मानवता की सेवा पर आधारित हैं, जिन्हें आज के समय में अपनाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में शिक्षिका प्रियंका टम्टा ने समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया और बालिका शिक्षा को सशक्त समाज की नींव बताया। पूर्व कुमाऊं मंडल महामंत्री संजय कुमार टम्टा बुद्धिस्ट ने कोचिंग लाइब्रेरी संस्थान में सावित्रीबाई फुले के विचारों की प्रासंगिकता पर अपने विचार रखते हुए विद्यार्थियों को समानता, परिश्रम और आत्मसम्मान के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष नवीन त्रिकोटी ने किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सावित्रीबाई फुले के विचारों को अपने जीवन में अपनाने और समाज में शिक्षा व समानता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष गोविंद प्रसाद आगरी, प्रचार मंत्री भूवन चंद्र आर्या, कमलेश कुमार, पत्रकार लता प्रसाद, दिव्य प्रकाश, मोहन चंद्र, ब्लॉक अध्यक्ष कपकोट रवि प्रकाश, प्रेम चंद्र, पूर्व जिलाध्यक्ष बामसेफ गिरीश चंद्र धौनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

