नैनीताल:(बिग न्यूज) कैंची धाम स्थापना दिवस पर उमड़ा आस्था का सैलाब

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

कैंची धाम स्थापना दिवस पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालु कर रहे बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम मंदिर के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर रविवार सुबह से ही देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में तांता लगा रहा। बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रशासन के अनुसार देर रात तक लाखों श्रद्धालुओं के दर्शन करने की संभावना है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मैदानी क्षेत्रों से आने वाले भक्तों के लिए काठगोदाम रेलवे स्टेशन, हल्द्वानी रेलवे स्टेशन और रोडवेज स्टेशन से विशेष शटल सेवा संचालित की जा रही है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी अलग से शटल वाहनों की व्यवस्था की गई है।
मंदिर के आसपास के पूरे क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है। केवल एम्बुलेंस एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए कुमाऊं आयुक्त, आईजी कुमाऊं, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल तथा एसएसपी मंजूनाथ टीसी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। उन्होंने बताया कि मंदिर के कपाट सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे।

वहीं एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि यात्रा मार्ग पर यातायात सुचारु बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। विशेष यातायात योजना के तहत श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से सुरक्षित और निर्बाध रूप से कैंची धाम पहुंचाया जा रहा है, जिससे हल्द्वानी से कैंची धाम तक की यात्रा सुगम बनी हुई है।
स्थापना दिवस के अवसर पर कैंची धाम पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है। बाबा नीब करौरी महाराज के जयकारों और भजनों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान है। प्रशासन का अनुमान है कि आगामी दो से तीन दिनों तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रहेगी।

Ad
Ad Ad