बागेश्वर:विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने निकाली जागरूकता रैली
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर विवेकानन्द विद्या मंदिर मण्डलसेरा के एनसीसी कैडेट्स द्वारा एन सी सी अधिकारी कैप्टन शंकर रौतेला के निर्देशन में तंबाकू एवं नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने हेतु एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य ए एस तोपाल तथा सहप्रधानचार्य मनोज मेहता द्वारा हरि झंडी दिखाकर किया गया। विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए संपन्न हुई। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने “तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “स्वस्थ भारत का यही आधार, तंबाकू मुक्त हो हर परिवार” तथा “नशा मुक्त युवा, राष्ट्र की शक्ति” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कैडेट्स ने विद्यार्थियों एवं आमजन को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, हृदय रोग एवं श्वसन संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी दी तथा तंबाकू से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने तंबाकू का सेवन न करने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस प्रतिवर्ष 31 मई को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना है।



