बागेश्वर:मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 18, 19 और 21 जुलाई को जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना ,जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

बागेश्वर,

मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 18, 19 और 21 जुलाई को जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा तीव्र वर्षा की संभावना व्यक्त करते हुए ऑरेंज अलर्ट तथा 20 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहते हुए आवश्यक एहतियाती एवं राहत-बचाव व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम की चेतावनी को देखते हुए पर्वतीय एवं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर रोक लगाने तथा पर्यटकों के आवागमन पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। सभी विभागीय अधिकारियों, राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहने को कहा गया है। साथ ही आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं विभागीय नोडल अधिकारियों को आईआरएस प्रणाली के तहत हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने की स्थिति में तत्काल जेसीबी मशीनों की तैनाती कर मार्ग सुचारु कराया जाएगा। पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य एवं अन्य आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को उपकरणों एवं संसाधनों के साथ तैयार रहने को कहा गया है। विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने तथा शहरी क्षेत्रों में नालियों एवं कलवर्टों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा अथवा दुर्घटना की किसी भी सूचना का तत्काल आदान-प्रदान किया जाए तथा अधिकारी अपने मोबाइल फोन हर समय चालू रखें। उन्होंने सभी अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक उपकरण, बरसाती, टॉर्च, हेलमेट तथा अन्य सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से भी मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करते हुए अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।
उन्होंने समस्त संबंधित अधिकारियों को किसी भी प्रकार की आपदा संबंधित सूचना डी०ई०ओ०सी० व आपदा नियन्त्रण कक्ष के फोन नम्बर 05963-220197, 220196 टॉल फ्री नं0-1077 (बी०एस०एन०एल० उपभोक्ताओं हेतु) तथा मोबाईल नम्बर-7536827373, 9634912152, 8859223535 पर तत्काल प्रेषित करने को कहा है।

Ad
Ad Ad