बागेश्वर:हरेला पर्व पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर चौरा में औषधीय पौधों का रोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर। लोकपर्व हरेला के अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर, चौरा बागेश्वर में जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी बागेश्वर डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली के निर्देशन में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम माननीय क्षेत्र पंचायत सदस्य चौरा श्री कृष्ण कुमार जी एवं माननीय ग्राम प्रधान चौरा श्री धीरज कुमार जी के आतिथ्य में संपन्न हुआ।

हरेला पर्व के अवसर पर औषधीय गुणों से युक्त विभिन्न पौधों का रोपण एवं वितरण किया गया तथा उपस्थित ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य संवर्धन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में आयुर्वेद में वर्णित औषधीय पौधों के महत्व, उनके दैनिक जीवन में उपयोग तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के लिए उनकी उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

वक्ताओं ने कहा कि हरेला केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है। औषधीय पौधों का संरक्षण और संवर्धन भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण एवं बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर स्थानीय लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल करने का आह्वान भी किया गया।

कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारी डॉ. एजल पटेल, फार्मेसी अधिकारी श्रीमती नीलम खत्री, दीपा देवी, योग प्रशिक्षक श्री बाल कृष्ण तथा प्रीति फर्स्वाण सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad